ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में विभिन्न गंभीर बीमारियों से ग्रसित कोविड पॉजिटिव दो मरीजों की मौत हो गई। इसके अलावा संस्थान में 7 लोगों की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव पाई गई है।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि विकास कॉलोनी, जगदीशपुर, हरिद्वार निवासी एक 42 वर्षीय व्यक्ति को 26 जुलाई को एम्स इमरजेंसी में भर्ती किया गया था, पिछले पिछले तीन दिनों से सांस, बुखार व हाइपरटेंशन आदि गंभीर बीमारियों से ग्रसित था। संस्थान के आइसोलेशन में भर्ती इस मरीज 30 जुलाई को कोविड पॉजिटिव पाया गया। मरीज को बृहस्पतिवार की रात कोविड आईसीयू में शिफ्ट किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं नगीना बिजनौर, यूपी निवासी 24 वर्षीय महिला 21 जुलाई को एम्स में भर्ती हुई थी, मरीज को सांस व किडनी संबंधी दिक्कत थी। महिला की टेस्ट रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई थी, जिसे कोविड आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। बृहस्पतिवार की रात उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
वहीं संक्रमित पाए गए लोगों में नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल निवासी 72 वर्षीया महिला 29 जुलाई को एम्स इमरजेंसी में आई थी, कोविड सैंपल पॉजिविट पाए जाने पर उसे कोविड वार्ड में भर्ती कर दिया गया। भारतमाता पुरम, हरिद्वार निवासी 45 वर्षीय पुरुष 30 जुलाई को एम्स में एंजियोग्राफी के लिए आया था, जहां इसका कोविड सैंपल लिया गया था, अब रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। टिहरी गढ़वाल निवासी एक 34 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बलिया, उत्तरप्रदेश निवासी एक 28 वर्षीया महिला व उसकी 7 वर्षीय बेटी की कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। उक्त महिला के पति व ससुर की रिपोर्ट पूर्व में कोविड पॉजिटिव आ चुकी है। वहीं रेलवे कॉलोनी हरिद्वार निवासी 19 वर्षीय युवक जो कि 24 जुलाई को इमरजेंसी में आया था। युवक का एंटीजन कोविड टेस्ट पॉजिटिव रहा था, पेशेंट को कोविड वार्ड में भर्ती कर दिया गया है, एम्स में 30 जुलाई को उनकी कोविड सेंपल रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
गैरोला नगर को बनाया गया कंटेनमेंट जोन
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। पुरानी चुंगी स्थित स्थित गैरोला नगर में एक ही परिवार में पांच लोगों में कोरोना की पुष्टि के बाद प्रशासन ने क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। राजकीय चिकित्सालय के हेल्थ सुपरवाइजर एसएस यादव ने बताया कि परिवार का मुखिया 55 वर्षीय व्यक्ति एक सप्ताह पूर्व बिहार से लौटा था। लौटने के बाद एम्स ऋषिकेश में उसका कोविड सैंपल लिया गया था, जो पॉजिटिव पाया गया था। अब एक दिन बाद इनकी पत्नी, बेटे-बहू और उनकी सात साल की बेटी में भी कोराना की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि सभी को कोविड वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। शासन की गाइड लाइन के अनुसार एक ही क्षेत्र में संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। इधर, कोतवाल रितेश शाह, राजस्व उपनिरीक्षक सतीश जोशी, आईडीपीएल चौकी इंचार्ज चिंतामणी मैठाणी आदि ने संबंधित क्षेत्र का मौका मुआयना करने के बाद क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगवाकर क्षेत्र को पाबंद कर दिया है।