जौलीग्रांट। एयरपोर्ट परिसर के अंदर स्थित राज्य अतिथि गृह के लिए कोठारी मोहल्ले की तरफ जा रहे मार्ग पर सुबह से देर रात तक अवैध रूप से कई टैक्सियां खड़ी रहती हैं। इससे मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है अतिथि गृह पर वीआईपी मूवमेंट के समय ही इस टैक्सियों को हटाया जाता है। अन्य दिनों में इस मार्ग पर सुबह से लेकर शाम तक अवैध रूप से टैक्सियां खड़ी रहती हैं। इस मार्ग से कोठारी मोहल्ला, बागी, सैनिक मोहल्ला, बिचली जौलीग्रांट आदि के लोग भी आवाजाही करते हैं। प्रत्येक शुक्रवार और बुधवार के दिन लोग रानीपोखरी हाट बाजार खरीददारी के लिए जाते हैं। अवैध रूप से खड़ी टैक्सियों से स्थानीय लोगों और स्कूल आवाजाही करने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि राज्य अतिथि गृह मार्ग पर अवैध रूप से खड़ी टैक्सियों में शाम होते ही शराब पीने-पिलाने का सिलसिला जारी हो जाता है। स्थानीय लोगों की टैक्सी चालकों से कई बार नोंकझोंक भी हो चुकी है। एयरपोर्ट परिसर के अंदर टैक्सी पार्किंग होने के बाद भी सड़क पर टैक्सियों खड़ी की जा रही है।
एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन वाले भी परेशान
जौलीग्रांट। एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर कार रेंटल सर्विस और टर्मिनल के बाहर प्रीपेड टैक्सी सर्विस से एयरपोर्ट की टैक्सियों का संचालन किया जाता है लेकिन एयरपोर्ट के बाहर अवैध रूप से टैक्सी चालक मौका पाते ही पैसेंजरों को बैठाकर ले जाते हैं। कुछ दिन पहले एयरपोर्ट पर सलाहकार समिति की बैठक में भी एयरपोर्ट प्रशासन ने इस मामले को उठाया था।
राज्य अतिथि गृह मार्ग पर अवैध रूप से खड़ी टैक्सियों के खिलाफ पुलिस कई बार चालान काटकर चेतावनी दे चुकी है लेकिन टैक्सी वाले मामने को तैयार नहीं है। इसपर पुलिस की ओर से पुन कार्रवाई की जाएगी। राकेश गुसाईं, प्रभारी निरीक्षक डोईवाला