ऋषिकेश। पुराना टिहरी बस अड्डा से केवलानंद चौक मार्ग पर अतिक्रमण और सड़क पर फैले कबाड़ से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। दुकानदारों का सामान सड़क तक फैला होने और कबाड़ी की दुकान के बाहर कबाड़ के ढेर व भारी वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग किए जाने से मार्ग संकरा हो गया है। इससे सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
जाम से स्कूली बच्चों, अस्पताल जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और पर्वतीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती में आने वाले श्रद्धालु और आश्रमों के संचालक भी इससे प्रभावित हैं। स्थानीय निवासी मंगल सिंह ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण और ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही से दो वाहनों का एक साथ निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने जिम्मेदार विभागों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।
कोट-
मामला संज्ञान में नही है और स्टाफ की कमी है यदि लोडिंग अनलोडिंग की जा रही है तो कार्रवाई की जाएगी। - रविकांत, प्रभारी यातायात ऋषिकेश।