राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क का गेट खोलते डिप्टी डायरेक्टर।
- फोटो : RISHIKESH
चीला रेंज के टाईगर रिजर्व पार्क को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। आगामी सात महीनों तक पर्यटक पार्क की सैर और जंगल सफारी का आनंद उठा सकेंगे। पहले दिन से ही पार्क में सैर और सफारी के लिए पर्यटकों का तांता लगा रहा। बरसात और जानवरों की सुविधाओं को देखते हुए वन विभाग की ओर से पांच महीनों के लिए टाईगर रिजर्व पार्क में प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंध कर दिया जाता है।
शुक्रवार को वन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर दीपक सिंह ने टाईगर रिजर्व पार्क के गेट को खोलकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सैर सपाटे के लिए पहुंचे देशी और विदेशी पर्यटकों का स्वागत किया। वार्डन अजय शर्मा ने बताया कि पार्क में सैर करने के लिए स्कूली बच्चों से 75 रुपये, भारतीय पर्यटकों से 150 रुपये और विदेशी पर्यटकों से 600 रुपये शुल्क लिया जाता है। उन्होंने बताया कि सफारी करने के लिए एक वाहन का कुल शुल्क 2100 रुपये है। उसमें करीब छह लोग आराम से जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं।