नगर निकाय चुनाव में एक विजयी प्रत्याशी के जुलूस में युवक को नकली बंदूक लहराना भारी पड़ गया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। युवक का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ था।
नगर निकाय चुनाव में विजयी प्रत्याशियों ने शहर में जुलूस निकाले थे। इसी दौरान एक विजयी प्रत्याशी के जुलूस में एक युवक एक अन्य साथी के कंधे पर चढ़ कर बंदूक लहराता हुआ दिखा। युवक का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो खूब वायरल हुआ।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने कोतवाली ऋषिकेश को कार्रवाई के आदेश दिए थे। पुलिस जांच में युवक की पहचान मनीष राजभर पुत्र विजय कुमार राजभर निवासी गली नंबर 12, वीरपुर खुर्द, नेहरुग्राम, कोतवाली ऋषिकेश के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें...Haridwar: पुलिस मुठभेड़...दीवार फांद फरार हुआ कैदी गिरफ्तार, जेल की रामलीला में निभा रहा था वानर का किरदार
युवक से पूछताछ पर पता चला कि वीडियो में दिख रही बंदूक नकली (खिलौना) है। जिसे उसने बाजार से खरीदा था और रैली के दौरान उसी बंदूक को पकड़ कर वह नाच रहा था। पुलिस जांच में भी वीडियो में दिख रही बंदूक के नकली होने की पुष्टि हुई है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।