नगर निगम के हरिद्वार रोड स्थित कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन पार्किंग के पास बिजलीघर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ऊर्जा निगम को करीब छह करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। बजट मिलने के बाद ऊर्जा निगम ने बिजलीघर के सिविल वर्क के टेंडर जारी कर दिए हैं।
पिछले साल दिसंबर माह से नगर निगम के हरिद्वार रोड स्थित पुराने कार्यालय को तोड़कर वहां पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। पार्किंग के पास ही ऊर्जा निगम का 11/33केवी का बिजलीघर है। इस बिजलीघर को शिफ्ट करने के लिए जनवरी माह में ऊर्जा निगम ने एमडीडीए को 10 करोड़ का बजट उपलब्ध कराने के लिए पत्राचार किया था। मार्च माह में एमडीडीए ने कुछ बजट ऊर्जा निगम को दिया था, लेकिन ऊर्जा निगम ने इस बजट को नाकाफी बताकर बिजलीघर शिफ्टिंग की प्रक्रिया को शुरू करने से इन्कार कर दिया था।
उसके बाद नगर निगम और ऊर्जा निगम की ओर से बजट उपलब्ध कराने के लिए शासन में पत्राचार किया गया था। अब एमडीडीए ने ऊर्जा निगम को 6 करोड़ का बजट जारी किया है। बजट मिलने के बाद बिजलीघर शिफ्टिंग का रास्ता साफ हो गया है।
-
कोट-
हरिद्वार रोड स्थित नगर निगम कार्यालय परिसर में बिजलीघर को शिफ्ट करने के लिए एमडीडीए की ओर से ऊर्जा निगम को करीब छह करोड़ का बजट उपलब्ध कराया गया है। बजट मिलने के बाद ऊर्जा निगम ने बिजली की बिल्डिंग के निर्माण के लिए सिविल कार्य के टेंडर कर दिए गए हैं। जल्द ही काम शुरू होगा। - शक्ति प्रसाद, ईई, ऊर्जा निगम ऋषिकेश