ऋषिकेश। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन कार्य का मेयर शंभू पासवान ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेयर ने सड़क खुदाई से आमजन को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए।
मेयर ने कहा कि किसी भी स्थान पर सड़क की खुदाई करने से पहले स्थानीय लोगों को अनिवार्य रूप से इसकी सूचना दी जाए ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी कार्य की नियमित निगरानी करें और निर्माण में तय मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।