जौलीग्रांट। देहरादून एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन के अंदर कार रेंटल टैक्सी सर्विस काउंटर का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। टैक्सी काउंटर खुलने से हवाई यात्रियों को लाभ मिलेगा। वहीं एयरपोर्ट के करीब डेढ़ सौ टैक्सी चालकों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला और एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी की ओर से एयरपोर्ट पर कार रेंटल टैक्सी सर्विस काउंटर का पूजा-अर्चना के बाद शुभारंभ किया गया। विधायक ने कहा कि काउंटर खुलने से हवाई यात्रियों को टर्मिनल के अंदर पहुंचते ही टैक्सी सर्विस उपलब्ध होगी। इससे करीब 150 टैक्सी चालकों को रोजगार मिलेगा। देहरादून एयरपोर्ट पर पिछले करीब नौ माह से टैक्सी काउंटर बंद पड़ा था जिस कारण हवाई यात्रियों को टर्मिनल के बाहर एयरपोर्ट परिसर से प्रीपेड टैक्सी सर्विस लेनी पड़ती थी लेकिन अब टर्मिनल भवन के अंदर टैक्सी काउंटर खुलने से यात्रियों को सुविधा होगी। एयरपोर्ट निदेशक ने कहा कि नया काउंटर खुलने से हवाई यात्रियों को टैक्सी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कार रेंटल काउंटर संचालक की ओर से एयरपोर्ट प्रशासन को तय शुल्क जमा नहीं करने के कारण एयरपोर्ट प्रशासन ने टेंडर निरस्त कर नया टेंडर जारी किया था। वर्तमान कार रेंटल सर्विस संचालक ईश्वर रौथाण ने कहा कि इससे हवाई यात्रियों और टैक्सी चालकों दोनों को लाभ मिलेगा। इस दौरान संयुक्त महाप्रबंधक परिचालन नितिन कादियान, विक्रम नेगी, राजेश भट्ट, रोशनलाल कोठियाल, कीर्ति नेगी, अभिषेक कश्यप, परी गुप्ता आदि उपस्थित रहे।