स्वामीराम हिमालयन विवि का लोगो
- फोटो : amar ujala
उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। उन्हें बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स ईकोनॉमिक्स (बीए ऑनर्स ईकोनॉमिक्स) की डिग्री हासिल करने के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जौलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी ने नए सत्र 2017-18 से तीन वर्षीय बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स का कोर्स संचालित करने का निर्णय लिया है।
प्रवेश के लिए 60 सीटें निर्धारित की गई है। विवि की विद्या परिषद की बैठक में बीए ऑनर्स ईकोनॉमिक्स की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया है। विवि के कुलपति डा. विजय धस्माना ने बताया कि बीमा, बैंक, मैनेजमेंट संस्थानों में बीए ऑनर्स ईकोनॉमिक्स की बहुत अधिक डिमांड है।
इन्हीं जरूरतों को देखते हुए और युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से विवि ने बीए ऑनर्स ईकोनॉमिक्स कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया आगामी अप्रैल माह में शुरू कर दी जाएगी। शैक्षिक योग्यता 12 वीं कक्षा में न्यूनतम 50 फीसदी अंक, गणित और अंग्रेजी विषय अनिवार्य है।
विवि के कुलसचिव नलिन भटनागर का कहना है कि बीए ऑनर्स ईकोनॉमिक्स पाठ्यक्रम युवाओं में लीडरशिप की क्षमता का विकास करेगा। इसके अलावा मेडिसिन फैकल्टी के अधीन योगिक साइंस एंड होलिस्टिक हेल्थ विभाग में डिप्लोमा व डिग्री प्रोग्राम, पीडियट्रिक सर्जरी कोर्स का भी संचालन किया जाएगा।