ऋषिकेश। नेपाली फार्म में प्रस्तावित टोल प्लाजा के विरोध 43 दिन से चला रहा आंदोलन खत्म हो गया। तहसीलदार डॉ. अमृता शर्मा ने समिति के अध्यक्ष विजयपाल रावत और अन्य को जूस पिलाकर आंदोलन तुड़वाया। तहसीलदार ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पत्र का हवाला देकर आंदोलन खत्म कराया।
29 मई को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने नेपाली फार्म में देहरादून रोड पर टोल प्लाजा बनाने के लिए नाप जोख की थी। श्यामपुर न्याय पंचायत के 16 ग्राम प्रधानों ने एक ग्राम प्रधान संगठन बनाकर धरना टोल प्लाजा के विरोध में धरना शुरू कर दिया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर जाकर ग्राम प्रधानों को समर्थन दिया था। उसके बाद टोल प्लाजा विरोधी सर्वदलीय संघर्ष समिति बनाई गई थी। जिसमें कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, यूकेडी, सपा, यूजेपी ने अपना समर्थन दिया था। चार जून को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने टोल न बनाने के लिए देहरादून में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। बयान के बाद नेपाली फार्म पर धरना दे रहा ग्राम प्रधान संगठन में भी दो फाड़ हो गए थे। लेकिन संघर्ष समिति का एक धड़ा लिखित आदेश मिलने की मांग को लेकर धरने पर डटा रहा। तब आईडीपीएल निवासी रवि रस्तोगी ने इस मामले की प्रधानमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत की थी। जिसके जवाब में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजना कार्यालय इकाई बसंत विहार देहरादून की ओर से लिखित में जवाब दिया गया कि अभी नेपाली फार्म पर टोल प्लाजा संचालित करने के अग्रिम आदेश नहीं हैं, टोल प्लाजा को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह, देवी प्रसाद व्यास, शोभा भट्ट, बाबूराम, लवीश जायसवाल, कनक धनै, गब्बर कैंतूरा, मनोज गुसाई, गोकुल रमोला, रवि राणा, अमन पोखरियाल, केके थापा, कुंवर सिंह गोसाई, लालमणि रतूड़ी, देव पोखरियाल आदि थे।
आंदोलन को सर्वदलीय नेताओं ने नहीं पड़ने दिया ठंडा
चार जून के बाद टोल प्लाजा आंदोलन को आगे बढाने में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, कांग्रेेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला, सर्वदलीय समिति के अध्यक्ष विजयपाल रावत, जन एकता पार्टी (यूजेपी) के अध्यक्ष कनक धनाई का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी नेता टोल प्लाजा के विरोध में लगातार अपनी आवाज बुलंद करते रहे। सर्वदलीय नेताओं ने टोल प्लाजा रद्द का लिखित आदेश मिलने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने की बात कही थी।