गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। चीनी मिल ने भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाते हुए शनिवार को 31 दिसंबर तक की गन्ना आपूर्ति का बकाया जारी कर दिया है। मिल प्रबंधन की ओर से कुल 5.87 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
शुगर मिल के निवर्तमान अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान जारी किया। शुगर मिल ने गन्ना समिति डोईवाला को दो करोड़ 60 लाख 31 हजार, देहरादून समिति को दो करोड़ 37 लाख 15 हजार, ज्वालापुर समिति को 46 लाख 65 हजार, रुड़की समिति को 29 लाख, दी पांवटा वैली शुगर केन ग्रोवर्स कॉओपरेटिव सोसायटी पांवटा साहिब को 4 लाख 77 हजार, दी शाकुंबरी शुगर केन ग्रोवर्स कॉओपरेटिव सोसायटी पांवटा साहिब को दो लाख 57 हजार, लक्सर गन्ना समिति को 7 लाख 24 हजार जारी किए गए हैं। किसानों को 31 दिसंबर तक आपूर्ति किए गए गन्ना मूल्य का भुगतान दे दिया है।
-
नए अधिशासी निदेशक का हो रहा इंतजार
मिल में भुगतान और अन्य कामों के लिए शनिवार को निवर्तमान अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह को आना पड़ा। बता दें कि शुगर मिल के अधिशासी निदेशक पद पर पीसीएस अधिकारी नुपूर वर्मा की नई तैनाती हुई है। अभी उनके आने का इंतजार हो रहा है। गन्ना पेराई सत्र मध्य में आ चुका है। मिल गन्ने की कमी झेल रही है। बताया जा रहा है कि पौड़ी से रिलीव नहीं होने के कारण अभी तक नई अधिशासी निदेशक मिल में नहीं पहुंच सकी है।