कूड़ा प्लांट पर एक माह से तालाबंदी, नगर निगम के सामने चुनौतीमेयर बोले: चुनाव के चलते कुछ लोग भर रहे हुंकार
ऋषिकेश। गुमानीवाला स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पर पिछले करीब एक माह से जारी तालाबंदी से नगर निगम प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। निगम के प्रयासों के बावजूद ग्रामीण प्लांट को हटाने की मांग पर अड़े हैं। वहीं, नगर निगम का कहना है कि कुछ लोग इस मुद्दे को बेवजह तूल दे रहे हैं। इससे प्लांट के संचालन और ग्रामीणों के विरोध के बीच गतिरोध बना हुआ है।
मेयर शंभू पासवान ने कहा कि प्लांट पर एक महीने से तालाबंदी करना उचित नहीं है, क्योंकि यह मामला केवल नगर निगम तक सीमित नहीं, बल्कि आम जनता से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के कारण कुछ लोग इस मुद्दे को उठा रहे हैं।
मेयर के अनुसार, मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है और अगले एक-दो दिन में निर्णय सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, ग्रामीण प्लांट को स्थानांतरित करने की मांग पर कायम हैं। अब सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम और गतिरोध खत्म करने की कार्रवाई पर टिकी हैं।