- तीन महीने से खाली है पोस्टमास्टर का पद
- एक लिपिक की भी है कमी
ऋषिकेश मुख्य डाकघर में तीन महीने से पोस्टमास्टर का पद खाली चल रहा है। ऐसे में डाकघर का सारा काम काज प्रभारी पोस्ट मास्टर देख रहे हैं। वहीं लिपिकों की कमी से भी काम प्रभावित हो रहा है।
जून माह में मुख्य डाकघर में तैनात पोस्ट मास्टर रमेश दत्त रतूड़ी का देहरादून तबादला हो गया था। उनके तबादले के बाद किसी स्थाई पोस्ट मास्टर की तैनाती नहीं हो पाई। पोस्ट मास्टर का चार्ज प्रभारी पोस्टमास्टर केके यादव देख रहे हैं। वही आठ लिपिकों के पद में से सात पदों पर तैनाती है। एक पद खाली चल रहा है। एक लिपिक आधार कार्ड, एक लिपिक इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में लगे रहते हैं। बाकी अन्य कार्यों पर लगे रहते हैं। डाकघर में नौ पोस्टमैन हैं। पोस्टमैनों की छुट्टी पर जाने से काम प्रभावित हो जाता है। डाक अधीक्षक देहरादून टीएस बिष्ट ने बताया कि डाकघरों में पोस्ट मास्टर की तैनाती क्षेत्रीय कार्यालय से होती है। ऋषिकेश में जल्द ही पोस्ट मास्टर की तैनाती होगी।