- दून एयरपोर्ट पर छात्राओं को एविएशन क्षेत्र में कॅरिअर के बारे में दी जानकारी
जौलीग्रांट। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण देहरादून की ओर से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय टिहरी की छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एविएशन सेक्टर में कॅरियर की जानकारियां दी गईं। छात्राओं को टर्मिनल भवन, एप्रन क्षेत्र, हवाई अड्डे के अग्निशमन केंद्र और वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) टॉवर का भ्रमण कराया गया। छात्राओं ने हवाई अड्डे के संचालन, सुरक्षा प्रणालियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्रों और सुरक्षित विमान आवागमन सुनिश्चित करने में वायु यातायात नियंत्रकों की भूमिका के बारे में जाना। करीब से विमानों की उड़ानें और कार्य प्रणाली देखकर काफी उत्साहित हुईं। एएआई अधिकारियों ने विमानन क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका, छात्राओं को हवाई अड्डे के संचालन, सुरक्षा, एटीसी, इंजीनियरिंग और एयरलाइन सेवाओं जैसे क्षेत्रों में कॅरिअर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। एयरपोर्ट के निदेशक भूपेश चंद्र हंस नेगी ने कहा कि इस तरह की पहल से महिला सशक्तीकरण, विमानन जैसे तकनीकी और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को बढ़ावा मिलता है।