कार्यक्रम में डा. स्वामी राम के चित्र पर दीप प्रज्वलित करते मुख्य अतिथि।
- फोटो : RISHIKESH
डोईवाला। एचआईएचटी के संस्थापक डॉ. स्वामीराम का 25वां महासमाधि दिवस सादगी से मनाते हुए उनके आदर्शों और उनके द्वारा संचालित कार्यों को गति देने के संकल्प के साथ मनाया गया। जगदगुरू संयास आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी अभिषेक चैतन्य गिरी महाराज ने कहा कि एसआरएचयू पूरी दुनिया में आध्यात्म, स्वास्थ्य और तकनीकि शिक्षा को बढ़ावा देने वाला संस्थान बना है।
शुक्रवार को एचआईएचटी संस्थापक डॉ. स्वामीराम के 25वें महासमाधि दिवस पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी अभिषेक चैतन्य गिरी महाराज ने कहा कि प्रेम, सेवा और स्मरण की मूल भावना के साथ डॉ. स्वामीराम ने हिमालयन इंस्टीट्यूट का जो पौधा लगाया था। वह देश ही नहीं,दुनिया के चुनिंदा संस्थानों में से एक बना है। यहां एक ही छत के नीचे चिकित्सक, नर्स, इंजीनियर और मैनेजमेंट के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे है। उन्होंने छात्र समुदाय से एक दूसरे के विचारों को साझा कर समाज और राष्ट्र की उन्नति में सहयोग देने का आह्वान किया। एचआईएचटी के अध्यक्षीय समिति के सदस्य डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि एसआरएचयू युवाओं को स्वरोजगार मॉडल की तरह प्रोत्साहित कर रही है। उच्च शिक्षा वही कारगर है जो पलायन को रोके और युवाओं को क्षेत्र में ही स्वरोजगार दे सके। इस दौरान एचआईएचटी के वार्षिक कैलेण्डर 2021 का विमोचन किया गया। इससे पहले स्वामीराम सेंटर में ट्रस्ट के संस्थापक ब्रह्मलीन डॉ. स्वामीराम को श्रद्धाजंलि दी गई। समारोह में स्वामीराम साधक ग्राम के प्रमुख स्वामी ऋतवान भारती, विक्रम सिंह, डॉ. प्रकाश कैशवय्या, डॉ. सीएस नौटियाल, रजिस्ट्रार डॉ. विनित मेहरोत्रा, डॉ. सुनील सैनी, डॉ. रेणु धस्माना, साधना मिश्रा, डॉ. ज्योति द्विवेदी आदि मौजूद रहे।