बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बापूग्राम समेत अन्य क्षेत्रों को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लेकर एसडीएम योगेश मेहरा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि ऋषिकेश स्थित क्षेत्र बापूग्राम जिसको महात्मा गांधी की शिष्या मीरा बेन ने गोद लेकर निर्धन, अनुसूचित जाति और सामान्य जाति के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने और स्वावलंबी बनाने के लिए बसाया था।
26 मई 1950 को पशुलोक सेवा मंडल नाम से समिति बनाकर तात्कालिक सरकार से लीज पर भूमि लेकर नियोजित गांव और कृषि भूमि की व्यवस्था की गई थी। उक्त 2866 एकड़ भूमि पर वर्तमान में एम्स ऋषिकेश, पशुपालन विभाग, टिहरी विस्थापित, आईडीपीएल संस्थान, जल संस्थान, विद्युत विभाग विद्यमान है। शेष 578.90 एकड़ भूमि पर वर्तमान में बापूगाम क्षेत्र के शिवाजी नगर, बीसबीघा, मीरानगर, बापूग्राम, सुमन विहार, नंदू फार्म, गीतानगर, मालवीय नगर और अमितग्राम है। यहां करीब सत्रह हजार परिवार और 80 हजार की आबादी निवास करती है। इसी क्षेत्र को 1967 से ग्राम सभा ऋषिकेश और वर्ष 2017 से नगर निगम के 12 वार्डों के रूप में जाना जाता है।