ऋषिकेश। स्वच्छ भारत सर्वेक्षण के तहत शहर को सार्वजनिक हाईटेक शौचालय मिला है। स्वच्छ भारत सर्वेक्षण से वित्त पोषित करीब 22 लाख की लागत से बने इस हाईटेक शौचालय का मेयर अनिता ममगाईं ने लोकार्पण किया। शहर में 10 हाईटेक शौचालय बनाने का लक्ष्य है।
इंद्रमणि बडोनी चौक पर लोकार्पण अवसर पर मेयर अनिता ममगाईं ने कहा कि प्रथम हाईटेक शौचालय से स्वच्छ भारत सर्वेक्षण में हाईटेक शौचालयों की सूची में ऋषिकेश का नाम दर्ज हो गया है। इससे स्वच्छता रैंकिंग में हम सर्वोच्च स्थान पर आएंगे।
सार्वजनिक हाईटेक शौचालय में यूरीनल सेंसरयुक्त हैं। कहा कि प्रथम चरण में एक वर्ष में शहर के 10 प्रमुख स्थानों में हाईटेक शौचालय बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी शौचालय 30 साल के मेंटेनेंस में दिए जाएंगे ताकि इनकी सुंदरता बरकरार रहे। मुख्य नगर आयुक्त एनएस क्वीरियाल ने कहा कि शहर को एक हाईटेक शौचालय मिल गया है। दूसरा शौचालय तहसील में बनाया जा रहा है। तीसरा शौचालय एम्स के पास बनाया जाएगा, लेकिन यहां पर जमीन को लेकर विवाद है। चौथा शौचालय अमितग्राम गुमानीवाला में बनाया जाएगा। इसमें सफाई का विशेष ध्यान देना होगा। गंदगी फैलाने वालों पर जुुर्माना भी लगाया जाएगा। संस्था को यह हाईटेक शौचालय दो साल के अनुबंध पर दिया गया है।
इस अवसर पर हितेंद्र पंवार, राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, आरपी नवानी, अनिल ध्यानी, पार्षद विजय बडोनी, पार्षद गुरविंदर सिंह, विरेंद्र रमोला, विजेंद्र मोगा, राजकुमार जुगलान, शौकत अली, राकेश सिंह मियां, अनीता रैना, मनीष बनवाल, प्रदीप कोहली, राजू नरसिंभा, मनीष शर्मा, अजीत गोल्डी, पंकज शर्मा और संजय व्यास आदि उपस्थित थे।