जल पुलिस और आपदा प्रबंधन दल की टीम ने आस्थापथ पर 72 सीढ़ी के समीप गंगा किनारे से एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। शव की शिनाख्त आरटीओ उत्तरकाशी कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात शेखर चंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह आस्थापथ पर 72 सीढ़ी के समीप एक व्यक्ति का शव गंगा के किनारे देखा गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस और आपदा प्रबंधन दल की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर छानबीन की गई। मृतक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान शेखर चंद्र पांडे (42) पुत्र जगदीश चंद्र पांडे निवासी 564 लेन नंबर पांच वैभव विहार नवादा देहरादून के रूप में हुई।
मृतक की जेब से मिले पर्स में कुछ नकदी और कार की चाबी भी मिली। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक उत्तरकाशी आरटीओ कार्यालय में लिपिक था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल पुलिसकर्मी विनोद सेमवाल ने बताया कि शव ज्यादा पुराना नहीं है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगी।