रायवाला थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक अनियंत्रित बाइकसवार चहारदिवारी से टकरा गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ग्राम भूटनी, सोंडी, जिला टिहरी गढ़वाल निवासी सुरेश दास (28) पुत्र पाथीलिया दास होशियारी मंदिर, प्रतीतगर गया था।
बीती रात वह रायवाला बाजार किसी दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला। होशियारी मंदिर के पास एक घर की चहारदीवारी से बाइक टकरा गई। अंधेरा होने के कारण युवक लहुलूहान हालत में करीब तीन घंटे घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। तड़के किसी राहगीर की नजर उस पर पड़ी और रायवाला थाने को सूचित किया।
पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रायवाला पुलिस के मुताबिक बाइक के दीवार से टकराने पर युवक के सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई। शरीर के अन्य हिस्सों में चोट नहीं थी। यदि हेलमेट पहना होता तो शायद जान बच जाती। पुलिस के मुताबिक सिर परचोट लगने से युवक की मौत हुई है।