- मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही जांच रिपोर्ट
डोईवाला। पब्लिक इंटर कॉलेज में छात्राओं से उठक-बैठक कराने का मामला तूल पकड़ लिया है। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला ने विद्यालय पहुंचकर जांच की। इसमें छात्राओं से उठक-बैठक कराने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजी जा रही है। विगत शुक्रवार को डोईवाला के पब्लिक इंटर कॉलेज में यूनिफार्म के लिए प्रधानाचार्य ने छात्राओं को उठक-बैठक का दंड दिया था। छात्राओं ने बताया था कि उन्हें एक हजार उठक-बैठक लगाने को कहा गया था। इस दौरान कई छात्राओं के स्वास्थ्य बिगड़ जाने पर अभिभावक स्कूल पहुंचे और विद्यालय प्रशासन पर भड़क गए। मामला गर्म हुआ तो शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला अजित भंडारी पब्लिक इंटर कॉलेज पहुंचे और मामले की जांच की। जिन छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी, वह शनिवार को अनुपस्थित रहीं। अन्य से पूछताछ करने पर उठक-बैठक का दंड देने की पुष्टि हुई। खंड शिक्षा अधिकारी अजित भंडारी ने बताया कि रिपोर्ट बनाकर मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून को भेजी जा रही है। संवाद