ऋषिकेश। यमकेश्वर ब्लॉक के गणेशपुर गांव में भालू ने एक गोशाला में घुसकर गोशाला के अंदर बंधी गाय को अपना निवाला बना लिया। गांव के ग्राम प्रधान सुनील बड़थ्वाल ने इसकी सूचना वन विभाग और राजस्व विभाग को दी। मौके पर पहुंची विभागीय टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को संबंधित विभाग से उचित मुआवजा देने की मांग की है। गणेशपुर गांव के ग्राम प्रधान सुनील बड़थ्वाल ने बताया कि गोशाला में प्रेमलाल पुत्र बृजमोहन बड़थ्वाल की गाय बंधी थी। सोमवार सुबह जैसे ही प्रेमलाल गोशाला में गया तो खूंटे में बंधी गाय मृत मिली थी। गाय के आगे का हिस्सा बुरी तरह से खाया हुआ था। उन्होंने बताया कि गोशाला के पटाल भी निकले हुए थे। भालू के हमले से आसपास लोगों भी दहशत बनी हुई है। ग्राम प्रधान ने बताया कि जंगली भालू का आतंक यमकेश्वर ब्लॉक क्षेत्र में थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते तीन वर्षों से क्षेत्र में इसका आतंक बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से इसे पकड़ने की मांग की है। इस मौके पर वन दरोगा प्रेम सिंह नेगी, राजस्व निरीक्षक भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।