देहरादून सीएम कार्यालय कूच कर रहे इलेक्ट्रिक वाहन संचालकों की अकाली यूनियन को प्रशासन ने इंद्रमणि बडोनी चौक पर रोक दिया। इस दौरान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। यूनियन इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन को कई मुख्य मार्गों पर रोके जाने से आक्रोशित हैं। यूनियन ने इंद्रमणि बडोनी चौक पर सांकेतिक धरना भी दिया। एसडीएम के आश्वासन पर यूनियन के सदस्य शांत हुए।
शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे प्रशासन ने देहरादून सीएम कार्यालय कूच कर रहे अकाली यूनियन के कार्यकर्ताओं को इंद्रमणि बडोनी चौक पर रोक दिया। जिससे कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। अकाली यूनियन के संरक्षक जगजीत सिंह जग्गा व अध्यक्ष नवीन कुमार जाटव ने कहा कि प्रशासन ने तपोवन, रामझूला, लक्ष्मण झूला जैसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर ई-रिक्शा व ई-ऑटो के संचालन को रोक दिया है।
अब प्रशासन नेपाली फार्म व इंद्रमणि बडोनी चौक से भी प्रतिबंधित करने की योजना बना रहा है। जगजीत ने कहा कि एक ओर आरटीओ इलेक्ट्रिक वाहनों को पास कर राजस्व वसूल रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रशासन इन वाहनों को सड़कों पर आने से रोक रहा है।
कहा, शहर में करीब 2250 ई-रिक्शा व ई-ऑटो संचालित हो रहे हैं। जबकि इन सबके के लिए मात्र आठ से 10 किमी का रूट ही दिया जा रहा है। बाद में धरना प्रदर्शन स्थल पर एसडीएम स्मृता परमार पहुंची। एसडीएम के सकारात्मक आश्वासन पर यूनियन के कार्यकर्ता शांत हुए।
जगजीत जग्गा ने बताया कि एसडीएम ने नेपाली फार्म व इंद्रमणि बडोनी चौक से इलेक्ट्रिक वाहनों का संचालन न रोके जाने का आश्वासन दिया है। एसडीएम से वार्ता में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही यूनियन का प्रतिनिधि मंडल सीएम से वार्ता करने देहरादून जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में मुकेश मिश्रा, मनसोधन यादव, विक्रम सिंह, गौरव वशिष्ठ, अजय तिवाड़ी, अजय मेहता, शिवम, धर्मेंद्र आदि शामिल रहे।