टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में भारतीय अंगदान दिवस पर आजादी का अमृत महोत्सव के बैनर तले अंगदान महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जागरूकता अभियान उत्साह और समर्पण के साथ मनाया गया। अंगदान महोत्सव में टीएचटीसी से सभी कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। टीएचडीसी के निदेशक (वित्त) जे. बेहेरा और निदेशक (कार्मिक) शैलेंद्र सिंह ने कॉर्पोरेट कार्यालय में सभी कर्मचारियों को अंगदान महोत्सव की शपथ दिलाई।
बृहस्पतिवार को टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विश्नोई ने कहा कि भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के तहत राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एनओटीटीओ) की स्थापना की गई है। एनओटीटीओ देश में अंगों और ऊतकों की खरीद, वितरण, अंगों और ऊतकों के दान और प्रत्यारोपण का पंजीकरण करने के लिए समन्वय और नेटवर्किंग की अखिल भारतीय गतिविधियों का एक शीर्ष केंद्र है। इसका उद्देश्य अंगदाताओं और जरूरतमंद रोगियों के बीच अंतर को भरना है, जिससे अंग प्रत्यारोपण के लिए अधिक सुव्यवस्थित दृष्टिकोण सुनिश्चित किया जा सके। कहा हाइड्रो एनर्जी सेक्टर में बेंचमार्क स्थापित करने के अलावा, टीएचडीसीआईएल के कर्मचारी सामाजिक कल्याण में सक्रिय रूप से भाग लेने में हमेशा अग्रणी रहे हैं।