नगर पालिका चुनाव के लिए भाजपा हाईकमान की तरफ से भेजे गए तीन पर्यवेक्षकों ने अध्यक्ष पद के 17 और सभासद के 48 दावेदारों के साथ रायशुमारी कर उनकी नब्ज टटोली। अध्यक्ष पद के लिए पर्यवेक्षकों ने दावेदारों से उनकी दावेदारी के अलावा अन्य तीन नामों का सुझाव भी मांगा।
नुन्नावाला स्थित एक होटल में रायशुमारी को लेकर सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। पर्यवेक्षकों की टीम में शामिल केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तरकाशी श्याम डोभाल, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिद्वार जय सिंह चौहान ने सभासदों और पालिका अध्यक्ष के लिए सभी दावेदारों के साथ बातचीत कर रायशुमारी की।
सुबह 12 बजे से शुरू हुई रायशुमारी शाम करीब पौने छह बजे तक चली। जिसमें सबसे ज्यादा माथापच्ची नगर पालिका अध्यक्ष के 17 दावेदारों को लेकर हुई। दावेदारों के नाम पुकारकर पर्यवेक्षकों के कमरे में भेजा जा रहा है। जहां पर्यवेक्षक एक तरह से सभी दावेदारों का साक्षात्कार कर रिपोर्ट तैयार कर रहे थे।
रायशुमारी के दौरान किसी भी छोटे-बड़े नेता को पर्यवेक्षकों के पास जाने की अनुमति नहीं थी। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट को 21 दिसंबर को प्रदेश कार्यालय भेजा जाएगा। जिसके बाद 24 दिसंबर को प्रदेश की पार्लियामेंट्री बोर्ड में पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर नाम तय किए जाएंगे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा, डोईवाला निकाय चुनाव प्रभारी शमशेर पुण्डीर, राजेंद्र तडियाल, हिमांशु चमोली, नरेंद्र नेगी, आरती लखेड़ा, गणेश रावत आदि उपस्थित रहे।
-
भाजपा के अध्यक्ष पद पर ये हैं दावेदार
वरिष्ठ भाजपाई संजीव सैनी वार्ड, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र नेगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनय कंडवाल, मनीष नैथानी, ममता नयाल, विक्रम नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, निवर्तमान सभासद प्रदीप नेगी जेठली, लच्छीराम लोधी, ईश्वरचंद अग्रवाल, दरपान बोरा, पूर्व सैनिक दिनेश सजवाण, पूर्व प्रधान मंजू चमोली, सुषमा आर्य, सरिता जोशी, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी संपूर्ण सिंह रावत
-
अध्यक्ष पद पर 17 और सभासद पद पर 48 लोगों ने अपनी दावेदारी पेश की है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट 21 को प्रदेश कार्यालय और 24 को प्रदेश पार्लियामेंट बोर्ड के सामने रखी जाएगी। जहां नाम तय किए जाएंगे। - रविद्र राणा, जिलाध्यक्ष भाजपा