ऋषिकेश। पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय महाविद्यालय में मानव अधिकारों पर जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्रों को मानवाधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
शनिवार को महाविद्यालय सभागार में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ डॉ. दयाधर दीक्षित और यूथ फॉर ह्यूमन राइट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अंजुमन जैदी ने किया।
कार्यशाला के संयोजक डॉ. दयाधर दीक्षित ने कहा कि भारत विश्व में शांति के लिए जाना जाता है। मानवाधिकारों की रक्षा के बिना विश्व शांति की कल्पना नहीं की जा सकती। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. गुलशन कुमार ढींगरा ने कहा कि वर्तमान में मानवाधिकारों के प्रति युवाओं की जागरुकता आवश्यक है। डॉ. अंजुमन जैदी ने बताया कि यूथ फॉर ह्यूमन राइट्स इंडिया की एक समाज सेवी संस्था है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और वयस्कों को संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित मानवाधिकारों के विषय में अवगत कराना और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश है। कार्यशाला में 130 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। डॉ. जैदी ने छात्रों को सक्रिय भूमिका निभाने और शांति सहिष्णुता के पैरोकार बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. सतेंद्र कुमार सिंह, डॉ. किरण त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।