- राजकीय महाविद्यालय के तीन विभागों के छात्र-छात्राओं ने किया शैक्षणिक भ्रमण, जुटाई उपयोगी जानकारियां
ऋषिकेश। धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर के पत्रकारिता व जनसंचार, अर्थशास्त्र और गृहविज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने 50वें मां कुंजापुरी पर्यटन व विकास मेले का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने जहां पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं। वहीं मेले का स्थानीय व्यापार पर प्रभाव जानने के लिए आर्थिक सर्वेक्षण भी किया। गृहविज्ञान के छात्रों ने खाद्य स्टॉलों पर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां जुटाईं।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के छात्र-छात्राओं ने मेला परिसर में लगे विभिन्न पंडालों का भ्रमण कर वहां उपलब्ध उत्पादों, सेवाओं और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विभाग प्रभारी डॉ. सृचना सचदेवा ने कहा कि पत्रकारिता में रिपोर्टिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को रिपोर्टिंग, फोटोग्राफी व संचार कौशल की बारीकियों से परिचित कराना और उन्हें फील्ड में काम करने के लिए तैयार करना है। वहीं, अर्थशास्त्र विभाग के छात्र-छात्राओं ने कुंजापुरी मेले का नरेंद्रनगर के स्थानीय व्यापार पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन किया। इसके लिए उन्होंने विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से संबंधित जानकारियां जुटाईं। विभाग प्रभारी डॉ. सुधा रानी ने कहा कि मेले में छात्र-छात्राओं को विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिलता है। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने मंडुवे के मोमो, चाट, पकौड़ी सहित विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी लिया। इस मौके पर डॉ. विक्रम सिंह बर्त्वाल, विशाल त्यागी, सोनिया, ऋषिता, रंजना, कल्पना, हिमानी, जय, निशा, निकिता, दिशा, राकेश, आयुषी गंगोटी, शालू, वंशिका आदि मौजूद रहे।