अर्द्धकुंभ मेले के दौरान स्वर्गाश्रम और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में लक्ष्मणझूला टूरिस्ट टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन के लोकल टैक्सी वाहन मुख्य मार्गों पर पार्क नहीं होंगे। साथ ही लोगों को सड़क पर जगह-जगह खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। एसोसिएशन ने स्वर्गाश्रम ट्रस्ट परिसर में टैक्सी पार्किंग शुरू की है।
एक धार्मिक संस्था की ओर से एसोसिएशन को वाहन पार्क करने के लिए निर्धारित समय के लिए किराये पर भूमि उपलब्ध कराई गई है। बृहस्पतिवार को बतौर मुख्य अतिथि स्वर्गाश्रम ट्रस्ट के उप प्रबंधक जयेश झा ने भूतनाथ मंदिर के समीप ट्रस्ट के आम बागीचे में पार्किंग का शुभारंभ किया।
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष भगत सिंह पयाल ने बताया कि पार्किंग के लिए भूमि उपलब्ध होने से मार्गों पर वाहनों को खड़ा करने से होने वाली दिक्कतों से निजात मिलेगी। साथ ही प्राचीन नीलकंठ धाम के दर्शन को जाने वाले लोगों को सबसे अधिक सहूलियत मिलेगी। तीर्थयात्रियों को वाहनों के लिए भटकना नहीं पडे़गा।
पार्किंग की सुविधा से लक्ष्मणझूला-स्वर्गाश्रम मुख्य मार्ग पर पार्क होने वाले वाहनों से राहगीरों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी। साथ ही इससे लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की अध्यक्ष शकुंतला राजपूत, थाना लक्ष्मणझूला प्रभारी अमरजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य गीता राणा, सभासद हिमानी राणा, नवीन राणा, अनिल पयाल, आदेश तोमर, देवेंद्र शर्मा, मनवर नेगी, विजेंद्र पयाल, मनोज पंवार, ध्यानपाल सिंह, राजेश चौहान आदि मौजूद थे।