- मुख्यालय स्तर पर हो चुकी है वार्ता, ऋषिकेश डिपो में हैं पांच टेंपो ट्रैवलर
ऋषिकेश। बसों की कमी से जूझ रहे श्रीनगर गढ़वाल डिपो को जल्द ऋषिकेश डिपो से दो एसी टेंपो ट्रैवलर मिल सकते हैं। आवंटन पर रोडवेज जीएम संचालन और डिपो प्रभारी के बीच वार्ता हो चुकी है। सहमति के बाद दोनों वाहन श्रीनगर डिपो को सौंपे जाएंगे।जुलाई 2025 में रोडवेज मुख्यालय ने 20 एसी टेंपो ट्रैवलर खरीदे थे। इनमें 10 पर्वतीय डिपो देहरादून और 10 नैनीताल रीजन को दिए गए लेकिन संचालन नहीं हो सका। चारधाम यात्रा के दौरान मई में छह ट्रैवलर ऋषिकेश डिपो को दिए गए थे। इनमें एक दुर्घटनाग्रस्त होकर देहरादून स्थित फोर्स कंपनी के वर्कशॉप में है जबकि पांच ऋषिकेश डिपो की वर्कशॉप में खड़े हैं। रोडवेज ने इनके लिए चालक भर्ती नहीं किया, इसलिए एजेंसी चालकों से संचालन कराया जा रहा है। कम किलोमीटर रेट के कारण चालकों को पर्याप्त वेतन नहीं मिल पा रहा है। वहीं, श्रीनगर डिपो में बसों की कमी के चलते चंडीगढ़ और दिल्ली रूट पर सीमित बसें चल रही हैं। दो टेंपो ट्रैवलर मिलने से डिपो में वाहनों की संख्या और आय दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
श्रीनगर गढ़वाल डिपो को दो टेंपो ट्रैवलर आवंटित करने के लिए रोडवेज के जीएम संचालन से वार्ता हो चुकी है। उम्मीद है कि जल्द ही डिपो को दो टेंपो ट्रैवलर मिल जाएंगे। -अशोक काला, केंद्र प्रभारी, श्रीनगर गढ़वाल डिपो