ऋषिकेश। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एसपीएस राजकीय अस्पताल में औचक निरीक्षण के दौरान ऑक्सीजन प्लांट लगाने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रदेश सरकार युद्धस्तर पर तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र से अभी राज्य को हर माह वैक्सीन की 7.5 लाख डोज मिल रही है। केंद्र से वैक्सीन की 20 लाख डोज बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकारी अस्पतालों को ऑक्सीजन बेड, आईसीयू बेड, वेटिलेंटर बेड और ऑक्सीजन प्लांट जैसे तमाम संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार दोपहर को एसपीएस राजकीय अस्पताल का निरीक्षण किया। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सीधे वार्ड में पहुंचकर मरीजों से दवा, खाने, साफ सफाई और देखरेख से जुड़ी व्यवस्था, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार की जानकारी ली। जैसे ही स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण की खबर मिली तो अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन फानन में चिकित्सक और कर्मचारी वार्ड में पहुंचे। लेकिन तब तक स्वास्थ्य मंत्री निरीक्षण कर चुके थे। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने एसपीएस राजकीय अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को ऑक्सीजन प्लांट के लिए जल्द जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए स्थान चिह्नित होने के बाद वे विधानसभा अध्यक्ष के साथ दोबारा अस्पताल आएंगे।
देर से पहुंचे प्रभारी सीएमएस
स्वास्थ्यमंत्री धन सिंह रावत के निरीक्षण की खबर लगते ही कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी आनन फानन वार्ड में पहुंच गए। लेकिन प्रभारी सीएमएस डॉ. विजयेश भारद्वाज तब अस्पताल पहुंचे जब स्वास्थ्य मंत्री निरीक्षण कर चुके थे। सीएमएस ने स्वास्थ्य मंत्री से आईसीसू के निरीक्षण का अनुरोध किया। लेकिन स्वास्थ्यमंत्री सीधा उद्घाटन की बात कहते हुए उनका अनुरोध टाल दिया।