स्पेशल ओलंपिक भारत की पहल पर आयोजित नेशनल चैंपियनशिप सेलेक्शन कैंप के दूसरे दिन विशेष बच्चों ने अपना दम दिखाते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदेश के 12 खिलाड़ियों का चयन नेशनल चैंपियनशिप के लिए किया गया।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप सेलेक्शन कैंप के दूसरे दिन विशेष बच्चों ने अपना दमखम दिखाया। भरत मंदिर इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य डीपीएस रावत ने बताया कि रविवार को चार गुणा सौ रिले रेस, आठ सौ मीटर ट्रायल, सॉफ्ट बॉल स्कील टेस्ट के लिए चयन कार्यक्रम हुए।
स्पेशल ओलंपिक भारत के उत्तराखंड स्पोर्ट्स निदेशक बीएस मेहता, उत्तराखंड समन्वयक शशि राणा ने बताया कि चयनित खिलाड़ी नेशनल चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिसमें एथलेटिक्स से जुड़ी प्रतियोगिताएं उड़ीसा और साफ्ट बाल की प्रतियोगिता राजस्थान में आयोजित होंगी।
बताया कि नेशनल चैंपियनशिप के लिए अल्मोड़ा के सचिन, भुवन, महेंद्र, रामनगर के जितेंद्र, ऋषिकेश के शुभम राणा और राहुल सैनी, टिहरी से राहुल रतूड़ी और देहरादून के ईशान, उमेर, गौतम और सुदेश का चयन किया गया है।
बीएस मेहता ने बताया कि सॉफ्टबाल स्कील टेस्ट में बेस रनिंग, थ्रोइंग, फिल्डिंग, शॉट करवाए गए। ज्योति विशेष स्कूल की अधीक्षिका कमलेश भाटिया ने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर गोविंद सिंह, डीपी रतूडी, जितेंद्र बिष्ट, प्रवीन रावत, नितिन जोशी, विजय लक्ष्मी, सचिन, विकास नेगी आदि रहे।