श्रीदेव सुमन विवि ने जारी की छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना
- 23 को नामांकन पत्रों की बिक्री, 24 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया, 26 सितंबर को नाम वापसी व पत्रों की जांच और प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन विवि की ओर से अपने तीनों परिसरों सहित विवि के संबद्ध 65 से अधिक महाविद्यालयों के लिए छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। छात्र संघ के लिए मतदान 29 सितंबर को होंगे और इसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
विवि प्रशासन की ओर से शनिवार को छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी की गई जिसके तहत 23 सितंबर को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री, 24 सितंबर को 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया, 26 सितंबर को 12 बजे तक नाम वापसी, इसी दिन साढ़े 12 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। वहीं, 29 सितंबर को सुबह 8 बजे से 1 बजे तक मतदान और दो बजे से मतगणना शुरु होगी और इसी दिन देर शाम को चुनाव परिणाम घोषित घोषित किए जाएंगे।
छात्र संघ के पांच पदों के लिए होगा चुनाव
छात्र संघ के पांच पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष व विवि प्रतिनिधि पद के लिए भी चुनाव होंगे। कोषाध्यक्ष व सह सचिव पद छात्राओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
3 अक्तूबर को होगा छात्र महासंघ चुनाव
श्रीदेव सुमन विवि के परिसरों व संबद्ध महाविद्यालयों व संस्थानों के लिए छात्र महासंघ चुनाव की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। विवि प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के तहत 3 अक्तूबर को छात्र महासंघ चुनाव के लिए नामांकन से लेकर मतदान व चुनाव परिणाम तक की सभी प्रक्रियाएं संपन्न होंगी। छात्र महासंघ के भी पांच पदों अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव व कोषाध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।
प्रो. वीके गुप्ता होंगे मुख्य निर्वाचन अधिकारी
पीएलएमएस परिसर में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराए जाने के लिए चुनाव कमेटी का गठन कर लिया गया है। प्रो. वीके गुप्ता को एक बार फिर मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रो. बीपी बहुगुणा, प्रो. अंजनी प्रसाद दुबे, प्रो. सीएस नेगी, डॉ. शालिनी रावत, डॉ. सीमा बेनिवाल को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। सुरेंद्र नौडियाल और नवीन चंद्र लोहनी को चुनाव समिति का सदस्य तथा नीरज, कैलाश और रजनी को सहायक बनाया गया है।
- विवि प्रशासन की ओर से छात्र संघ और महासंघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। परिसर प्रशासन ने भी तैयारियां शुरु कर दी हैं। जल्द मतदाता सूची का कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। प्रो. एमएस रावत, निदेशक, पीएलएमएस परिसर।