ऋषिकेश। कोतवाली अंतर्गत एक व्यक्ति की ओर से सात वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली में पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो गया है। वहीं मासूम को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना एक अक्तूबर दोपहर की है। बच्ची के परिजन उस समय घर पर मौजूद नहीं थे, जब आरोपी ने मौका पाकर घटना को अंजाम दिया। आरोपी पीड़ित परिवार को मकान मालिक है। परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पीड़िता को राजकीय चिकित्सालय में मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
जहां मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। मामले की जांच कर रही उपनिरीक्षक आरती कलूड़ा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। कोतवाली प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता व उसके परिवार को काउंसलिंग एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।