शनिवार देर रात एक कार सवार युवक-युवती ने न केवल पुलिस के संकेतों की अनदेखी की, बल्कि नशे की हालत में तेज रफ्तार कार दौड़ाकर कई जानों को जोखिम में डाल दिया। शिवपुरी तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
होली पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के तहत मुनि की रेती क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार देर रात कैलाश गेट पुलिस चौकी के बाहर चेकिंग के दौरान शराब के नशे में एक युवक-युवती ने पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में कार दौड़ा दी।
पुलिस की ओर से उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन नशे में चालक बिना रुके वाहन लेकर तपोवन की ओर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा किया और वाहन को शिवपुरी के समीप रोक लिया।
चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि वाहन चालक नशे की हालत में था, जिस कारण उसने पुलिस के संकेतों की अनदेखी की। कार में सवार युवक और युवती दोनों शराब के नशे में पाए गए। दोनों को हिरासत में लेकर राजकीय उपजिला चिकित्सालय में मेडिकल कराया गया, जहां अल्कोहल की मात्रा अधिक पाई गई। थाना मुनि की रेती प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया गया है। युवक व युवती बाहरी राज्य से संबंधित है।