नगर पालिका मुनि की रेती ढालवाला के शीशमझाड़ी क्षेत्र में एक आश्रम संचालक की ओर से परिसर में खड़े हरे आम के पेड़ पर आरी चलाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को नरेंद्रनगर वन प्रभाग, मुनि की रेती को सूचना दी कि आश्रम में बिना अनुमति हरा फलदार पेड़ काटा गया है। सूचना पर शिवपुरी रेंज अधिकारी विवेक जोशी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
पूछताछ में आश्रम संचालक ने बताया कि देर रात तेज हवा से पेड़ की कुछ शाखाएं टूट गई थीं। किसी दुर्घटना की आशंका पर उन्होंने पेड़ की लॉपिंग कर दी थी। हालांकि वन विभाग को पूर्व में सूचना न देने पर रेंज अधिकारी जोशी ने कहा कि संबंधित आश्रम संचालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि निजी परिसर में भी हरे पेड़ काटने, लॉपिंग से पहले विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है, ताकि अवैध कटान पर रोक लग सके।