ऋषिकेश। त्रिवेणीघाट पर गंगा नदी में स्नान कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति को घाट पर तैनात जल पुलिस की मदद से सकुशल बचाया गया।
घाट पर तैनात जल पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार अपराह्न करीब एक बजे घाट पर जगदीश (68) पुत्र स्व. कल्याण, निवासी विलास, जिला बारह, राजस्थान गंगा में स्नान कर रहे थे। इस दौरान वह गंगा की तेज धाराओं में बहने लगे। इस पर अधेड़ ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घाट पर तैनात जल पुलिस और 40वीं वाहिनी पीएससी के जवानों ने व्यक्ति की चीख पुकार लाइफ जैकेट की मदद से गंगा में कूदकर अधेड़ की जान बचाई। अधेड़ की जान बचाने पर त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी उत्तम सिंह रमोला ने भी जल पुलिस और पीएससी जवानों की जमकर सराहना की। इस मौके पर विनोद सेमवाल, हरीश गुसाईं, धनवीर सिंह नेगी, पंकज जखमोला और द्वारिका प्रसाद मौजूद थे।
-फोटो
गंगा में डूूब रहे दंपती को बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। शत्रुघ्न घाट (नावघाट) मुनिकीरेती में गंगा में नहाने के दौरान एक दंपती पानी के तेज बहाव में बहने लगे। इस दौरान दंपती और स्थानीय लोगों में चीख पुकार शुरू हो गई। घाट पर तैनात मुनिकीरेती जल पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दंपती को सकुशल बचाया।
जल पुलिस ने बताया कि शेखर कुमार (52) पुत्र कृष्णमूर्ति, कामाक्षी (50) पत्नी शेखर कुमार, निवासी कोर बंगला, बंगलूरू शत्रुघ्न घाट (नावघाट) में नहा रहे थे। इस दौरान महिला का अचानक पैर फिसल गया और वह पानी की तेज धाराओं में बहने लगी। पत्नी को बचाने के चक्कर में पति भी गंगा में कूद गया और दोनों पानी की तेज धाराओं में बहने लगे। दोनों के शोर सुनकर जल पुलिस ने उन्हें सकुशल बचाया। जान बचाने में दंपती ने मुनिकीरेती जल पुलिस का आभार जताया। इस मौके पर जल पुलिस के सुभाष ध्यानी, गजपाल पंवार, विदेश चौहान, पुष्कर रावत और पीयूष चौहान आदि शामिल थे।