डोईवाला। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी सौरभ और भूमिका बिष्ट को गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर साई सृजन एनएसएस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एनएसएस कैडेट के रूप में उनके कार्यों और सक्रियता को लेकर दोनों को पुरस्कृत किया गया है। शुक्रवार को डोईवाला महाविद्यालय परिसर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. जानकी पंवार ने दोनों स्वयंसेवियों को सम्मान चिह्न, प्रशस्तिपत्र और 1100-1100 रुपये देकर सम्मानित किया। डोईवाला महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. देवेश प्रसाद भट्ट ने कहा कि ऐसे सम्मान विद्यार्थियों को समाजसेवा और रचनात्मक गतिविधियों में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते है। डॉ केएल तलवाड़ ने बताया कि पुरस्कार की शुरुआत एक साल पहले से की गई है। इसका मकसद एनएसएस कैडेटों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए उनका उत्साहवर्द्धन करना है। कार्यक्रम में डॉ राकेश जोशी, डॉ संगीता बहुगुणा, डॉ नवीन कुमार नैथानी, डॉ चंद्रावती टम्टा आदि मौजूद रहे।