कांवड़ यात्रा शुरू होते ही रोडवेज की आय कम होनी शुरू हो गई है। स्थानीय यात्री न मिलने के कारण प्रतिदिन करीब दो लाख की आय प्रभावित हो रही है। यात्रियों के अभाव में कई बसों का संचालन रोकना पड़ रहा है। ऋषिकेश-दिल्ली रूट पर दिनभर में 19 बसों का संचालन होता है। इसमें दो वोल्वो बसें भी शामिल हैं। रोडवेज की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी मुकेश रानी ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होते ही पर्वतीय क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले और अन्य दिनों की तरह ऋषिकेश घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। इसके कारण रोडवेज बसों को दिल्ली जाने के लिए पर्याप्त सवारियां नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को वाया हरिद्वार होकर सुबह 10 बजे दिल्ली जाने वाली एसी बस और 12 बजे वाली वोल्वो को सवारी न मिलने से संचालन रोकना पड़ा। उन्होंने बताया अन्य दिनों में बसें ऋषिकेश से भरकर जाती थी और भरकर ही वापस आती थी। दिल्ली से हरिद्वार ऋषिकेश तक बसें भरकर आ रही हैं, लेकिन दिल्ली जाने के लिए यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अन्य दिनों में रोडवेज की आय 13 लाख प्रतिदिन थी, जो अब घटकर 11 लाख प्रतिदिन हो गई है।