दिल्ली-घनसाली-मयाली जाने वाली बस का संचालन एक माह से घनसाली तक ही हो रहा है। स्थानीय लोग इस बस को मयाली तक संचालित करने की मांग रहे हैं। घनसाली और मयाली के मध्य रोडवेज बस सेवा बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
पिछले साल जनवरी माह में दिल्ली से घनसाली जाने वाली रोडवेज बस को स्थानीय लोगाें की मांग पर मयाली तक विस्तारित किया गया था। तब लोग दिल्ली से सीधे मयाली तक पहुंच जाते थे। एक माह पहले रोडवेज डिपो की ओर से इस बस के लोड फैक्टर कम आने और आते वक्त सवारी न मिलने के कारण रोडवेज मुख्यालय को पत्र भेजा गया था।
इस बस का संचालन पूर्व की भांति घनसाली तक करने की मांग की गई थी। रोडवेज मुख्यालय की ओर से आदेश मिलने के बाद डिपो की प्रबंधन की ओर से इस बस का संचालन घनसाली तक ही किया जा रहा है।
यह बस दिल्ली से वाया ऋषिकेश, चंबा, पीपलडाली होते हुए घनसाली तक जाती है। घनसाली और मयाली के मध्य रोडवेज बस सेवा बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
-
कोट-
दिल्ली घनसाली मयाली तक संचालित होने वाली रोडवेज बस घनसाली तक ही जा रही है। इसकी अधीनस्थों से जानकारी जुटाई जाएगी। बस अपने पूरे रूट पर जाए इसके इंतजाम किए जाएंगे। - अंजलिका शर्मा, प्रभारी एजीएम ऋषिकेश रोडवेज डिपो