गदरपुर। निकाह करने से मना करने पर युवक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गदरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अपनी रिश्तेदारी में रह रही 19 वर्षीय युवती ने पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक के साथ निकाह के लिए हामी भरी थी। कुछ दिन बाद युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता कहीं और तय कर दिया तो उसने युवक से निकाह करने से मना कर दिया। युवती के मना करने से गुस्साया युवक 24 जनवरी की दोपहर 1 बजे उसके घर आ पहुंचा। उसने युवती को नशीला पदार्थ सुंघा कर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अपने साथ हुए हादसे से युवती सदमे में आ गई। उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजनों के पूछने पर उसने पूरी घटना को बताया। परिजन युवती को लेकर थाने पहुंचे और युवक के खिलाफ तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर गदरपुर पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 376 के तहत दुष्कर्म का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। युवक की तलाश की जा रही है। वहीं, पीड़िता को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। संवाद