करीब 10 साल से सेवा ठप, स्थानीय लोग कर रहे बसें चलाने की मांग रोडवेज की आय भी हो रही प्रभावित
ऋषिकेश। रोडवेज ऋषिकेश डिपो में बसों की कमी के कारण ऋषिकेश-दिल्ली-बीपुरम (भागीरथीपुरम) और ऋषिकेश-दिल्ली-बौराड़ी रूट पर करीब 10 साल से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोग कई बार डिपो प्रशासन और रोडवेज मुख्यालय से बस सेवा शुरू करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन पर्याप्त बसें उपलब्ध न होने से संचालन शुरू नहीं हो सका। इन दोनों रूटों पर दो बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी के साथ रोडवेज की आय भी प्रभावित हो रही है।
राज्य गठन के बाद पर्वतीय क्षेत्रों को दिल्ली से सीधी बस सेवा उपलब्ध कराने के लिए इन रूटों पर बसें संचालित की गई थीं। उस समय ऋषिकेश डिपो में पर्याप्त बसें होने के कारण यात्रियों को सुविधा मिल रही थी।
करीब 10 साल पहले आयु पूरी कर चुकी कुछ बसों की नीलामी के बाद डिपो में बसों की कमी हो गई। इसके चलते इन दोनों रूटों की सेवाएं बंद कर दी गईं। इसके बाद मांग के अनुरूप नई बसें नहीं मिलने से डिपो प्रशासन चाहकर भी संचालन शुरू नहीं कर पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली से भागीरथीपुरम और बौराड़ी के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से पर्वतीय क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों ने रोडवेज से जल्द दोनों रूटों पर बसों का संचालन शुरू करने की मांग की है।
कोट-
डिपो में बसों की कमी कारण ऋषिकेश दिल्ली-बीपुरम (भागीरथीपुरम) और ऋषिकेश-दिल्ली-बौराड़ी रूट बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। नई बसें मिलने पर इन रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा।अंजलिका शर्मा, एजीएम, रोडवेज ऋषिकेश डिपो