ऑल उत्तराखंड मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन समेत विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित
अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर की अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। नगर निगम परिसर में ऑल उत्तराखंड मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन समेत विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित की गई। उसके बाद यूनियन नेताओं ने नगर आयुक्त व संबंधित विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर आईएसबीटी परिसर और आईएसबीटी मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की।
यूनियन नेताओं ने कहा कि नआईएसबीटी क्षेत्र में अवैध रूप से ठेली, रेहड़ी और अन्य प्रकार के अतिक्रमण है। होटल तुलसी के समीप खाली भूमि पर अवैध पार्किंग और आईएसबीटी पार्किंग के सामने सड़क के पार निजी संपत्ति पर अवैध रूप से पार्किंग व अन्य प्रकार के अतिक्रमण होने से यातायात बाधित हो रहा है। जिससे आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों को भी दिक्कत हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों से डग्गामार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने और दोनों बस अड्डों के निकट अन्य छोटे वाहनों की सवारियों को भरने पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि आईएसबीटी परिसर और आसपास क्षेत्र में असामाजिक तत्वों जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर खतरा रहता है और झगड़ा होना एक आम बात है। पुलिस अपनी निगरानी वहां पर कड़ी रखें। इस मौके पर यूनियन प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह गुनसोला, अजय व्यास, राजीव रस्तोगी, हरीश रावत, महावीर बिष्ट आदि मौजूद रहे।