- क्षतिग्रस्त मार्गों और सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण पूरा
जौलीग्रांट। मालदेवता, सौड़ा सरोली और आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से राहत, पुनर्निर्माण और सुरक्षा कार्य तेजी के साथ किएजा रहे हैं। भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, सुरक्षा दीवारों और नदी तट संरक्षण से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
बीते मंगलवार को अतिवृष्टि के कारण रायपुर विधानसभा क्षेत्र के कई मार्ग और सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निरीक्षण के बाद विभागों को तत्काल पुनर्स्थापन कार्यों के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई ने क्षतिग्रस्त मार्गों व सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। सौंग नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित मालदेवता की कलिंगा नहर का पुनर्निर्माण सिंचाई विभाग ने पूरा कर लिया है जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा में राहत मिली है। वहीं, नदी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए पोकलैंड और जेसीबी मशीनों से चैनलाइजेशन कार्य भी जारी है। अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने बताया कि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।