जयपुर में तैयार की जा रही वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा।
- फोटो : RISHIKESH
लोगों में नारियों के प्रति सम्मान जगाने के लिए नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला चौदहबीघा पुल चौक पर 10 फीट ऊंची रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा लगाने जा रही है। साथ ही चौदहबीघा पुल चौक का नाम बदलकर रानी लक्ष्मीबाई चौक किया जाएगा। चौक का सौंदर्यीकरण कर सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा।
वार्ड-7 के सभासद गजेन्द्र सजवाण ने बताया कि देश को आजाद कराने में नारियों की भी अहम भूमिका रही है। इसी कारण उन्होंने अपने वार्ड में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा लगाने की ठानी और बोर्ड की पहली बैठक में इसका प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी सहित बोर्ड के सभी सदस्यों ने पास कर दिया है। सभासद ने बताया कि प्रतिमा लगाने का मकसद प्रत्येक नागरिक खासतौर पर युवाओं में नारियों के प्रति सम्मान जगाना है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा के चारों और फैंसी लाइटें भी लगाई जाएंगी। बताया कि इसमें करीब 15 लाख रुपये खर्च होंगे।
---
जयपुर में गढ़ी जा रही प्रतिमा
प्रतिमा राजस्थान के जयपुर में तैयार की जा रही है। यह 10 फीट ऊंची है, इसमें रानी लक्ष्मीबाई एक हाथ से तलवार पकड़े हुए और दूसरे हाथ से घोड़े की लगाम पकड़े हुए होंगी। वहीं, रानी लक्ष्मीबाई की पीठ पर उनका दत्तक पुत्र भी बंधा हुआ होगा। इसके अलावा घोड़ा पिछले दो पैरों पर खड़ा होगा।