श्यामपुर। भट्टोंवाला अवैध खनन के कारोबार जोरों पर चल रहा है। मंगलवार को हल्की बारिश में ही पुश्ता बह गया। जिस कारण एक किसान की भूमि भी कट गई। इतना ही नहीं यहां स्थित एक लोहे का पुल भी झुक गया है, जो कभी भी गिर सकता है। यदि ये पुल गिरता है तो करीब ढाई सौ परिवार मुख्य मार्ग से कट जाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के आसपास भी जमकर अवैध खनन किया गया। जिस कारण ये स्थिति उत्पन्न हुई है।
भट्टोंवाला स्थित नालों, खालों व जंगलों में प्रतिदिन दर्जनों टैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन में लगी हैं। जिससे सरकार को लाखों की राजस्व हानि हो रही है। ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कई सफेदपोश व पंचायत प्रतिनिधि भी इस अवैध करोबार में संलिप्त हैं। ग्रामीणों ने कहा कि स्थिति ये हो गई है कि यदि इनकी शिकायत की जाए तो कार्यवाई तो कुछ होती नहीं। उल्टा इस कारोबार से जुडे़ लोगों को मिलीभगत से पता चल जाता है कि शिकायत किसने की।
ग्रामीणों की सूचना पर मैं भी गांव में गया था। पुल कभी भी गिर सकता है। जो पुश्ता अवैध खनन के कारण गिरा है, वो कुछ दिन पहले ही बना था। हमने अवैध खनन की अधिकारियों से शिकायत की है। बावजूद इसके अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। - संजीव चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्यामपुर