ग्राम पंचायत तपोवन के अंतर्गत लक्ष्मण चौक के आसपास करीब छह महीने पहले जल निगम द्वारा बनाई गई सीवर योजना की राइजिंग लाइन के लिए की गई सड़क की खुदाई सैलानियों और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। इससे बदहाल मार्ग के कारण राहगीरों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है।
लेकिन, संबंधित विभाग मार्ग मरम्मत करने की बजाय चलता बना। लक्ष्मण चौक से सच्चा धाम आश्रम घाट तक कार्यदायी एजेंसी निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, जल निगम ऋषिकेश ने छह महीने पहले सीवर योजना के तहत राइजिंग लाइन बिछाई थी। लाइन बिछाने के लिए विभाग ने मुुख्य मार्ग की खुदाई की थी। तब से मार्ग की मरम्मत नहीं कराई।
जिससे मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों से राहगीर चोटिल हो रहे हैं। अर्द्धकुंभ मेले के चलते इन दिनों क्षेत्र में तीर्थयात्रियों की आमद बढ़ गई है। 14 जनवरी को अर्द्धकुंभ का पहला स्नान है। इस दौरान तपोवन क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, ऐसे में मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
स्थानीय नागरिक महेंद्र सिंह बिष्ट, महेंद्र शर्मा, सुभाष शर्मा, अजय गहलौत, दिनेश कठैत, मानवेंद्र परमार, महावीर रावत, चमन सिंह नेगी ने बताया कि बदहाल मार्ग के कारण पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोग चोटिल हो रहे हैं। तेज हवा के कारण कच्ची सड़क से धूल का गुब्बार आसपास की दुकानों और ढाबों में भर जाता है। बताया कि इस बारे में कई बार संबंधित विभाग से शिकाय की गई मगर समाधान नहीं किया जा रहा।
राइजिंगमेन लाइन बिछाने के बाद लाइन में टेस्टिंग की जा रही है, सप्ताहभर में क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर दी जाएगी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।-पीके अग्रवाल, सहायक अभियंता, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, ऋषिकेश।