- ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तिराहे तक सड़क बदहाल, ट्रांसपोर्टरों ने लोनिवि से की शिकायत
ऋषिकेश। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तिराहे तक करीब तीन किलोमीटर लंबे बाइपास मार्ग की हालत बदहाल है। इस हिस्से में 20 से अधिक स्थानों पर गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहनों की रफ्तार थम रही है। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि सड़क की स्थिति सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), नरेंद्रनगर के अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ब्रह्मानंद मोड़ से तपोवन तिराहे तक का यह सड़क मार्ग लोनिवि नरेंद्रनगर के अधीन है। विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण बरसात के बाद इसकी स्थिति खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है और यातायात की गति भी प्रभावित हो रही है।
ट्रांसपोर्टर सुधीर राय रावत और गजेंद्र नेगी ने बताया कि इस मार्ग से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को गड्ढों के कारण नुकसान पहुंच रहा है। उनके अनुसार, कई वाहनों की कमानी टूट रही हैं, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि सड़क के गड्ढे भरने और मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए लोनिवि के अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
तपोवन बाइपास मार्ग पर खारास्रोत से तपोवन तिराहा तक सड़क पर डामर बिछाने के टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही काम शुरु किया जाएगा।- प्रवीण कर्णवाल, अधिशासी अभियंता, लोनिवि नरेंद्रनगर