नीलकंठ कांवड़ मेले में ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने मानवता की मिसाल पेश की। पैदल मार्ग पर घायल हुए एक श्रद्धालु को पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाकर समय पर उपचार दिलाया।
हरियाणा निवासी रामशरण नीलकंठ महादेव के दर्शन के लिए आए थे। तोली सड़क गेट के पास पैदल मार्ग की सीढ़ियों से फिसलकर गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। पैर में चोट लगने के कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षी मयंक डबराल, आरक्षी जीतपाल राणा, होमगार्ड अनिल कुमार और मुख्य आरक्षी विनोद दिलवाल तत्काल मौके पर पहुंचे।
कांवड़ यात्री को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालु की हालत में सुधार हुआ है। घायल के परिजनों ने पुलिस टीम की मदद की सराहना कर आभार जताया।क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नीलकंठ पैदल मार्ग एवं सड़क मार्ग पर पुलिस टीमें 24 घंटे तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।