केतन लाल हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने टिहरी जा रहे भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सांसद चंद्रशेखर आजाद को मंगलवार दोपहर भद्रकाली चेकपोस्ट पर पुलिस ने रोक दिया। इसके विरोध में उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
मंगलवार को सांसद चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के काफिले के साथ रायवाला पहुंचे, जहां से उनका टिहरी जाने का कार्यक्रम था। पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए काफिले को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद सांसद और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी देर तक वार्ता हुई।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। दोपहर करीब एक बजे सांसद भद्रकाली चेकपोस्ट पहुंचे, जहां पहले से बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सभी को आगे बढ़ने से रोक दिया। बैरिकेडिंग के सामने समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।
प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कुछ वाहनों को भी चेकपोस्ट पर रोक दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल एवं सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे।