आईडीपीएल चौकी पुलिस के हत्थे चढ़ा धोखाधड़ी का आरोपी।
- फोटो : amar ujala.
कोतवाली पुलिस ने मकान बेचने का झांसा देकर एक व्यक्ति से लाखों की रकम हड़पने वाले आरोपी को दबोचा है। धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक राजीव जौहरी पुत्र कृष्ण जौहरी निवासी बी-660, आईडीपीएल कालोनी ने वर्ष 2013 में जगत विहार कालोनी, हाट बाजार रोड, श्यामपुर स्थित अपने मकान का सौदा बापूग्राम निवासी सत्यदेव मिश्रा पुत्र वाईपी मिश्रा से किया था।
इसके एवज में राजीव जौहरी ने सत्यदेव मिश्रा से साढ़े सात लाख रुपये ले लिए। सत्यदेव मिश्रा ने मकान की रजिस्ट्री अपने नाम कराने के लिए दबाव बनाया तो राजीव आनाकानी करने लगा। आरोप है कि रुपये लेने के बाद राजीव जौहरी ने मकान किसी अन्य को बेच दिया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मकान बेचने के नाम पर लाखों हड़पने के आरोपी को धर दबोचा। वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा ने बताया कि आरोपी शातिर है और मूलरूप से शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।