- अंडर-14 कैरम में 32 और ओपन शतरंज में 18 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
- कल से शुरू होंगे ओपन कैरम मुकाबले
ऋषिकेश। मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। मैदानी खेलों के साथ ही कैरम और शतरंज जैसी इनडोर प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कैरम प्रतियोगिता के संयोजक रमेश असवाल ने बताया कि अंडर-14 वर्ग की प्रतियोगिता में स्थानीय क्षेत्रों के 32 बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। नॉकआउट आधार पर आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने एकाग्रता और सटीक निशाने के साथ खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, ओपन शतरंज प्रतियोगिता में कुल 18 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के संयोजक रमेश असवाल, सह-संयोजक शिवम ड्यूंडी और हितेश जोशी ने बताया कि ओपन वर्ग में जूनियर और अनुभवी खिलाड़ी एक साथ अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार से ओपन कैरम सिंगल्स और डबल्स मुकाबले शुरू होंगे।